घोसी कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर विक्कमपुर गांव के पास फोरलेन पर मंगलवार की रात सड़क दुर्घटना में रामानंद राजभर (21) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल भेज दिया।
पिता हरखू राजभर की तहरीर पर वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने बुधवार को चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चुम्मानार गांव निवासी रामानंद राजभर (21) मंगलवार को बाइक से कोपागंज थाना क्षेत्र के फतहपुर ताल नरजा गांव में अपनी मौसी के घर गए थे।
रात के समय घर लौटते समय अभी गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर जमालपुर विक्कमपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रामानंद बाइक सहित 10 मीटर दूर जा गिरे।
साथ में दूसरी बाइक पर चल रहे दोस्तों बाल बाल बच गए। टक्कर में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मौका पाकर चालक वहां से भाग गया। दोस्तों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी में भर्ती कराया। अस्पताल में पहुंचते ही डॉक्टर ने रामानंद को मृत घोषित कर दिया। रामानंद दो भाई और एक बहन में सबसे बड़े थे, जो घर की आजीविका चलाते थे।
भाई नीरज और बहन राखी की पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी वही उठाते थे। लेकिन इस हादसे ने रक्षाबंधन से चार दिन पहले ही बहन के ऊपर से बड़े भाई का साया छिन गया। भाई बहन के साथ वो अपने पीछे मां शीला देवी और पिता हरखू राजभर को छोड़ गए।
पिता की तहरीर पर वाहन नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद चालक कार छोड़कर मौके से भाग गया था। कार सीज कर उसकी तलाश की जा रही है।
- प्रमेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक, घोसी कोतवाली