कांग्रेसजनों की तरफ से पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय की 26वीं पुण्यतिथि जिले में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित की गई। साथ ही उनके द्वारा जनपद सहित पूर्वांचल में कराए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला गया।
नगर के बकवल स्थित डॉ. सुधा राय के आवास और कांग्रेस कार्यालय, जिला अस्पताल स्थित मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं कोपागंज कस्बा स्थित मूर्ति पर माल्यार्पण के पश्चात उनके पैतृक गांव सेमरी जमालपुर स्थित मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया।
इसी तरह से पतिला स्थित मूर्ति पर माल्यार्पण और रामरती देवी सीनियर सेकेंड्री स्कूल स्थित मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद कॉलेज परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
इस समारोह में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सुधा राय ने कहा कि पूर्वांचल के जर्रे जर्रे में कल्पनाथ राय द्वारा किए गए कार्यों की निशानी आज भी उनके होने का एहसास दिलाती है।
उनकी कृतियां युगो-युगो तक जिंदा रहेगी। जबकि शिक्षण संस्थानों के संरक्षक सुरेश बहादुर सिंह ने कहा कि कल्पनाथ राय ने जाति और धर्म की सियासत कभी नहीं की।
विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य वैष्णवी राय ने कहा कि मेरे पिताजी जिस कार्य को ठान लेते थे उसको करके ही दम लेते थे। इस दौरान माधवेंद्र बहादुर सिंह, अवनीश कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव, शहर अध्यक्ष सलमान जमशेद, स्वामीनाथ राय आदि शामिल थे।