सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बुढावे गांव के पास शादी समारोह से लौट रहे कोपागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी मोहम्मद माजिद खान पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया और उनकी कार में तोड़फोड़ की।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने विशाल, अरुण शाही, राहुल शाही सहित पांच नामजद व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मोहम्मद माजिद खान ने बताया कि 30 मार्च की रात करीब एक बजे वह कार से शादी समारोह से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बुढावे गांव के पास कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि पीछे से मोटरसाइकिल से पहुंचे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और लात-घूंसों से मारपीट की।
हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर कार के शीशे भी तोड़ दिए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, कुछ दिन पहले हुई कहासुनी के चलते घटना को अंजाम दिया गया। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।