मऊ। रेल यात्रियों की सुविधा और आगामी त्योहारों के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने मऊ से अंबाला कैंट के बीच अंबाला तक मऊ-अंबाला-मऊ स्पेशल ट्रेन (05301/05302) चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के संचालन से उत्तर प्रदेश और दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। ये ट्रेन 1 अक्तूबर से 26 नवंबर तक तक हर बृहस्पतिवार को मऊ से दिल्ली, हरियाणा होते हुए पंजाब प्रांत के अंबाला तक जाएगी। 2 अक्तूबर से 27 नवंबर तक हर शुक्रवार को इसी रास्ते वापस मऊ आएगी।
जनसंपर्क अधिकारी वाराणसी महेश गुप्ता ने बताया कि मऊ-अंबाला स्पेशल ट्रेन (05301) 1 अक्तूबर से हर बृहस्पतिवार की सुबह 4:40 बजे मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और बेल्थरारोड, भटनी, देवरिया सदर, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली, हरियाणा के सोनीपत, पानीपत होते हुए अगले दिन शुक्रवार को भोर में 3:55 बजे पंजाब प्रांत के अंबाला कैंट जंक्शन पहुंचेगी। अंबाला-मऊ स्पेशल ट्रेन (05302) अंबाला कैंट से हर शुक्रवार की भोर में 5:45 बजे रवाना होगी और इसी रास्ते होते हुए शनिवार की भोर में 4:30 बजे मऊ जंक्शन पहुंचेगी।