शासन के निर्देश पर 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए नए सिरे से सर्वे किया जाएगा। पात्र बुजुर्गों को चिह्नित करने के लिए विकास, स्वास्थ्य, एवं बाल विकास परियोजना के कर्मचारी लगाए जाएंगे।
इसके लिए बुधवार को खंड विकास सभागार में खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में मुख्य बाल विकास परियोजना ई सखी, ग्राम पंचायत अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग की एएनएम और आशा कार्यकर्ता शामिल हुईं।
खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय ने बताया कि आयुष्मान कार्ड के लिए 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को चिह्नित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए कर्मचारी गांव में बैठक कर पात्र व्यक्तियों को चिह्नित करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर ऐसे पात्र व्यक्तियों का चयन कर उनकी सूची बनाई जाएगी ताकि उन्हें आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिव और पंचायत सहायक भी लगाए जाएंगे।
15 दिनों के अंदर रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को दी जाएगी। बैठक में सीडीपीओ संजीव कुमार, सहायक विकास अधिकारी पंचायत आदित्य सिंह, पवन सिंह, अजय राय, प्रतीक राय, राकेश कुमार, विश्व नारायण, अमरजीत यादव, अमित राय आदि शामिल रहे।