संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान का बुधवार को शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने इस अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को संचारी रोगों की रोकथाम और स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी ने जागरूकता रैली और प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैलियों के माध्यम से आम जनता को संचारी रोगों से बचाव, साफ-सफाई, मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा, जबकि दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान घर-घर सर्वेक्षण, साफ-सफाई, जलभराव की समस्या का निराकरण, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव जैसी गतिविधियों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। लोगों को जागरूक करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जल जमाव न होने दें और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें। किसी भी प्रकार के संचारी रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. आरएन सिंह, डॉ. वकील अली, जिला मलेरिया अधिकारी बेदी यादव, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार, राजीव शुक्ला और सत्यप्रकाश यादव उपस्थित थे।
12 विभागों के समन्वय से चलेगा अभियान
जिला मलेरिया अधिकारी बेदी यादव ने बताया कि पूरा अभियान 12 विभागों के समन्वय से चलाया जाएगा। इसमें नगर पालिका, नगर पंचायत, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज, आईसीडीएस, दिव्यांग, सिंचाई, पशुपालन और उद्यान विभाग शामिल रहेंगे। वहीं आशा और आंगनबाड़ी की 2161 टीम घर-घर जाकर लक्षणों के आधार पर मरीज की पहचान करेगी।
रानीपुर में भी निकाली गई जागरूकता रैली
रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ अधीक्षक डॉ. अशोक चौहान ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान डॉ. सौरभ सिंह, एचईओ यूसुफ शाह, बीसीपीएम हुमैरा खातून, बीपीएम पूनम सिंह और फार्मासिस्ट फुलबदन यादव सहित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। संवाद