घोसी में मेडिकल स्टोर में आग लगने के बाद जली दवाईयां।संवाद
- फोटो : सांकेतिक
मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा नगर स्थित बस स्टेशन के पास एसके मेडिकल स्टोर में रविवार देर रात करीब दो बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आने से मेडिकल स्टोर में रखी लाखों रुपये की दवाएं, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए।
दुकान संचालक संतोष कुमार ने बताया कि वह कई वर्षों से किराये की दुकान में मेडिकल स्टोर चला रहे हैं। रविवार देर शाम रोज की तरह दुकान बंद कर वह बड़ागांव उत्तरी स्थित अपने घर चले गए। रात करीब दो बजे मकान मालिक ने दुकान से धुआं निकलने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी।
आग से दुकान में रखी दवाओं के साथ रैक, काउंटर और अन्य सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आग पर काबू पाने के प्रयास में भी कुछ सामान खराब हो गया।
दुकान संचालक के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। संचालक ने बताया कि आग में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि दुकान में जली और क्षतिग्रस्त दवाओं तथा अन्य सामान का आकलन करने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।