मऊ। जिले में रविवार को मौसम का मिजाज बिगड़ गया। अपराह्न दो बजे अचानक बदली छा गई और आंधी के साथ कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बारिश हुई। घोसी और अमिला क्षेत्र के अलावा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। इससे आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। आंधी के चलते टिन शेड उड़ गए। कई स्थानों पर पेड़ की डालियां टूट कर सड़कों पर गिर गई जिससे आवागमन प्रभावित रहा।बिजली के तार टूटने से कई इलाकों में बिजली गुल रही।
जिले में रविवार को तड़के से आसमान में बादल छाए थे। दोपहर तक धूप छांव होती रही। अपराह्न बाद के बाद बदली छा गई और आंधी आ गई। इस दौरान आंधी के साथ कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बारिश हुई। कई इलाकों में ओले भी पड़े। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ तो कहीं डालियां टूट कर सड़कों पर गिरने से आवागमन प्रभावित रहा।
आंधी के चलते वहीं आम तथा सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा। नुकसान से किसानों के माथे पर चिंता की लकीर देखी जा रही थी। इस बाबत जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार का कहना था कि ओले पड़ने से सब्जी के फल, फूल तथा आम के गिर गए जिससे नुकसान हुआ है। करीब 10 प्रतिशत का फसल का नुकसान हुआ है।
घोसी : कस्बा सहित आसपास के क्षेत्रों में रविवार की अपराह्न तेज हवा के साथ कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बारिश हुई। लगभग दस मिनट तक ओले पड़े जिससे सब्जी तथा आम की फसल को नुकसान पहुंचा। आंधी के चलते कई घरों, दुकानों के कटरैन भी उड़ गए। अमिला: रविवार को अपराह्न तेज हवा के साथ कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बारिश हुई। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए और डालियां टूट कर सड़कों पर गिर गई जिससे आवागमन बाधित रहा। पोल टूटने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर असर पड़ा।
दोहरीघाट संवाददाता के अनुसार कस्बा सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में रविवार को अपराह्न बाद तेज हवा के साथ बड़े बड़े ओले गिरने शुरू हो गए। करीब आधा घंटे तक लगातार ओलावृष्टि होने से बर्फ की चादर बिछ गई। आसमान में गड़गड़ाहट से लोग दहल जा रहे थे। ओलावृष्टि का नजारा देखने के लिए लोग अपने अपने घरो के बरामदे में जमा हो गए। सड़क पर चलने वाले राहगीर दौड़कर सुरक्षित स्थान की ओर जाते देखे गए। बारिश होने से मौसम सुहाना रहा।
आंधी से गिरा पोल, दबकर लड़की की मौत
अमिला (मऊ)। स्थानी कस्बे में रविवार की अपराह्न आंधी की दौरान पुरानी पुलिस चौकी के पास पेड़ उखड़ कर बिजली के तार पर गिरा जिससे खंभा उखड़ कर सड़क पर गिर गया। इस दौरान साइकिल से जा रही एक लड़की खंभे से दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान घोसी कोतवाली के बड़राव निवासी महेश गोंड की पुत्री प्रियंका (16) के रूप में हुई। प्रियंका थानीदास मोड़ स्थित किसी पैथालॉजी में काम करती थी। काम करने के बाद अपराह्न दो बजे वह साइकिल से घर जा रही थी। वह अमिला कस्बा में पुरानी पुलिस चौकी के पास पहुंची थी कि तेज आंधी के दौरान पेड़ उखड़कर बिजली के तार पर गिर गया। इसके चलते बिजली का खंभा भी उखड़ कर गिर गया। खंभे से दबकर प्रियंका गंभीर रूप से घायल हो गई।
ग्रामीण उसे अस्पताल ले जाते इससे पहले ही सिर में गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने उसे खंभे के नीचे से निकाला। प्रियंका तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। घटना की जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर घोसी कुमुद शेखर सिंह मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में ले लिया।