पिपरीडीह रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म।संवाद
- फोटो : संवाद
मऊ/पिपरीडीह। पूर्वोत्तर रेलवे के खुरहट-पिपरीडीह के बीच नई रेल लाइन बिछाने की परियोजना को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। 15 किमी लंबी रेल लाइन भटनी-वाराणसी और मऊ-शाहगंज रेलमार्ग को जोड़ेगी। परियोजना के पूरा होते ही एक्सप्रेस ट्रेन से वाराणसी से आजमगढ़ का सफर दो घंटे में पूरा होगा। रेलवे बोर्ड ने फाइनल सर्वे के लिए 30 लाख रुपये का बजट जारी किया है। मऊ जंक्शन पर ट्रेनों का भार कम करने को लेकर 15 किमी लंबी नई रेल लाइन खुरहट और पिपरीडीह स्टेशन को जोड़ा जाएगा। वर्ष 2025-26 के बजट में इसे मऊ-खुरहट-पिपरीडीह बाईपास नाम दिया गया है। खुरहट स्टेशन को मऊ जनपद का रेलवे माल गोदाम बनाया गया है। यहां रेलवे से आने वाले माल की लोडिंग अनलोडिंग होती है। ऐसे में वाराणसी और शाहगंज की तरफ से आने वाली मालगाड़ियों को मऊ जंक्शन जाने के बजाय पिपरीडीह और खुरहट से आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जा सकता है।
इससे मालगाड़ियों के इंजन को बदलने के झंझट से मुक्ति मिलेगी। इससे समय की भी बचत होगी। इसके अलावा आकस्मिक स्थिति में रूट डायवर्जन के चलते शाहगंज लखनऊ से आने वाली ट्रेनों को खुरहट से डायवर्ट कर बनारस या उससे आगे और इसी प्रकार बनारस की तरफ से आने वाली ट्रेनों को पिपरीडीह से खुरहट होकर शाहगंज लखनऊ की तरफ कम समय में ले जाया जा सकता है। नई रेल रूट के लिए जल्द ही सर्वे का कार्य शुरू होगा। बजट स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।