वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के अलाउद्दीनपुर कुतुबपुर ग्राम पंचायत सहित आसपास की चार अन्य ग्राम पंचायत की महिलाओं के लिए 37.71 लाख रुपये से जच्चा बच्चा केंद्र बनेगा।
अलाउद्दीनपुर में पंचायत भवन के बगल में जच्चा-बच्चा केंद्र बनाया जाएगा। ग्राम प्रधान ने जमीन चिह्नित करके 37.71 लाख रुपये का प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग को भेज दिया है। इसके बनने से ग्राम पंचायत की तीन हजार की आबादी के साथ ही बगल के चार अन्य ग्राम पंचायत की गर्भवती महिलाओं को लाभ मिलेगा। अब तक प्रसव और स्वास्थ्य जांच के लिए इन महिलाओं को कई किलोमीटर दूर सीएचसी या दूसरे अस्पताल तक जाना पड़ता था। जच्चा बच्चा केंद्र के निर्माण के बाद यहां प्रसव, टीकाकरण और प्रसव पहले जांच जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यहां अलग से एएनएम की तैनाती भी की जाएगी, जिससे ग्रामीण महिलाओं को समय पर चिकित्सा सेवा मिल सके। बच्चों को समय पर टीकाकरण हो सके। गर्भवती महिलाओं को राहत साथ ही सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा मिलेगा। ग्राम प्रधान शमा परवीन ने बताया कि वर्तमान में पंचायत भवन के बगल में जमीन चिह्नित करके प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग को भेज दिया गया है।