इटौरा से लड्डूपुर जाने वाली मार्ग के इटौरा में नहर की पुलिया धंसने से यातायात बाधित हो गया। संव
फतेहपुर मंडाव। मधुबन तहसील क्षेत्र के इटौरा से लड्डूपुर जाने वाली नहर मार्ग के इटौरा में नहर की पुलिया ओवरलोड ट्रक के गुजरते ही धंस गई। इससे मार्ग से जुड़े 20 गांवों का आवागमन बाधित हो गया। उधर, सूचना मिलने पर पहुंचे सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने ट्रक मालिक के खिलाफ मधुबन थाने में तहरीर दी। धंसी पुलिया की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा। उधर, शनिवार को संबंधित विभाग की तरफ से मरम्मत कार्य न होने से स्थानीय लोगों को समस्याओं से जूझना पड़ा।
बताते चलें कि इटौरा-लड्डूपुर मार्ग पर क्षेत्र के 20 गांवों के लोगों का आना-जाना लगा रहता है। शुक्रवार शाम को गिट्टी लादे ओवरलोड ट्रक इटौरा खुर्द हनुमानगढ़ी मंदिर के बगल में इंटरलॉकिंग बनाने वाली कंस्ट्रक्शन साइट पर जा रहा था। जैसे ही वह इटौरा के कटघरा माइनर पर पहुंचा। ओवरलोड ट्रक में गिट्टी होने से जर्जर नहर की पुलिया धंस गई और टूट कर नीचे गिर गई, इससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग के अवर अभियंता रामकरन यादव भी मौके पर पहुंचकर टूटी हुई नहर की पुलिया का निरीक्षण किए। विभागीय उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजा। इस संबंध में स्वामीनाथ, गोलू यादव, अखिलेश मौर्या,उपेंद्र यादव, इटौरा प्रधान रामाश्रय यादव, रामू मौर्या, संदीप मौर्या, गुलजार यादव, कन्हैया, फूलबदन, झारखंडे का कहना है कि नहर की पुलिया धंसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिया धंसने के चलते आए दिन वाहन चालक घायल हो जा रहे हैं। शिकायत के बाद भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है।
कोट
मामला संज्ञान में है। स्थानीय एसडीओ मौके पर जाकर मुआयना किए, मरम्मत कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा गया है।
मनोज सिंह, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग