मधुबन-फतेहपुर मंडाव। रामपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव निवासी एक व्यक्ति ने पहला पासपोर्ट छुपाकर साजिशन नाम और जन्मतिथि में हेरफेर कर दूसरा पासपोर्ट बनवा लिया।
एलआईयू की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। रामपुर थाना प्रभारी राकेश सिंह रोहन ने बताया कि एलआईयू के पत्रांक के क्रम में पासपोर्ट आवेदक मो. इजराइल की गहन जांच की गई।
इसमें मो. इजराइल ने 30 दिसंबर 2003 को पासपोर्ट बनवाया था, जिसकी वैधता 29 दिसंबर 2013 तक थी। पासपोर्ट में आवेदक की जन्मतिथि 12 दिसंबर 1970, पिता का नाम अंसारी सब्बीर अहमद, माता का नाम अंसारी जाकिरन, पत्नी का नाम शहनाज बेगम और पता प्रगति कॉलोनी, किवाले देहू रोड, विकास नगर, पुणे (महाराष्ट्र) दर्ज है।
साथ ही उक्त पासपोर्ट को छुपाकर आरोपी ने दूसरा पासपोर्ट संख्या धोखाधड़ी से बनवाया। दूसरे पासपोर्ट में आवेदक का नाम मो. इसराइल, जन्मतिथि 7 जून 1968, पिता का नाम अंसारी सब्बीर अहमद, माता का नाम अंसारी जाकिरन, पत्नी का नाम अंसारी शहनाज बेगम तथा पता मुस्तफाबाद, मर्यादपुर दर्शाया गया है, जिसे 30 नवंबर 2025 को जारी किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदक ने जानबूझकर पहला पासपोर्ट छुपाकर नाम, माता-पिता के विवरण एवं जन्मतिथि में परिवर्तन कर दूसरा पासपोर्ट बनवाया, जो गंभीर धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है।
इसलिए एलआईयू की रिपोर्ट के आधार पर रामपुर थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की आगे की विवेचना जारी है।