मऊ- आजमगढ़ मार्ग पर रानीपुर ब्लाक के करजौली के पास डिवाइडर से टकराकर पलटी ब्रेजा कार।
- फोटो : MAU
मऊ/बढुआ गोदाम। रानीपुर थाना क्षेत्र के करजौली गांव के पास रविवार की सुबह चार बजे के करीब गाय को बचाने के चक्कर में एक कार डिवाईडर से टकराकर कर पलट गई। इस हादसे में कार में सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो। घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दो घायलों की हालत अधिक गंभीर होने पर डाक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना के समय कार में पांच लोग सवार थे। घटना की जानकारी गांव मं होने पर कोहराम मच गया।
बलिया जिले के बहोरापुर गांव निवासी शिवमुनी पांडेय रायबरेली (डलमऊ) शहर में रहते थे। जहां पर शुक्रवार की रात में उनकी मौत हो गई थी। परिवार के लोग मौत की सूचना पर रायबरेली अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद शनिवार की देर रात अपने गांव बहोरापुर (सलेमपुर) घर लौट रहे थे। अभी वह मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के करजौली गांव के पास पहुंचे ही थे कि आजमगढ़-मऊ मार्ग पर कार के सामने अचानक गाय आ गई। गाय को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर सडक के डिवाइडर से टकराकर पलट गई । इस दुर्घटना में बलिया जिले के पकडी थाना क्षेत्र के बहोरापुर गांव निवासी सतीश चंद पांडेय (29) पुत्र दिनेश पांडेय मौत हो गई। जबकि अभिषेक तिवारी बिट्टू (30) पुत्र हरिनारायण निवासी दलई तिवारीपुर, मुक्तिनाथ दूबे (60) निवासी गढ़मलपूर, श्रीप्रकाश पांडेय (40) और नारायण पांडे (42) निवासी बहोरापुर गंभीररूप से घायल हो गए। डायल 112 के सहयोग से घायलों को मऊ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि मृत सतीश के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों में मुक्तिनाथ दुबे और अभिषेक तिवारी की स्थिति गंभीर होने पर डाक्टर ने उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया है। घटना की जानकारी होने पर गांव में कोहराम मच गया।