मऊ। जिले में रिक्त पदों पर त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के क्रम में बुधवार को मतगणना संपन्न हुई। प्रधान पद पर जीत का सेहरा धरमू और राजविजय के सिर बंधा। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य अशरफी देवी और राजविजय बने। ग्राम पंचायत सदस्य पद पर संगीता, रामू और रामबचन निर्वाचित हुए।
रानीपुर संवाददाता : नासिरपुर ग्राम प्रधान पद पर हुए उपचुनाव के दौरान मतगणना में दिनेश मिश्रा को 690 मत, दूसरे नंबर पर रामजीत को 575, कुसुम को शून्य, लीलम को दो और शोभा को दो और हरपत को छह मत मिले। कुल 1288 पोल मतों में 13 अवैध मिले।। घोसी संवाददाता : माछिल जमीन प्रधान पद पर धरमू ने 628 मत पाकर विजय प्राप्त की। अन्य प्रत्याशियों में श्याम अवतार को 183, मतिन को 12 और रामजी को 143 मत मिले। बीडीसी के लिए परदहां के भार वार्ड नंबर 69 में राज विजय ने 530 मत पाकर हरिशंकर उर्फ अनिल को हराया। अनिल को महज 380 मत मिले। मुहम्मदाबाद गोहना के खालिसपुर भदीड़ क्षेत्र पंचायत में अशरफी ने 489 मत पाकर विजय दर्ज की जबकि दूसरे प्रत्याशी रामविजय को महज 25 मत मिले। इसी ब्लाक में ग्राम पंचायत सदस्य पद पर रामबचन चौहान 75 मत पाकर विजयी हुए। ग्राम पंचायत सदस्य पद पर नासिरपुर ग्राम पंचायत में संगीत और रामू ने विजय हासिल की।
वीरेंद्र बीडीसी सहित 16 सदस्य निर्विरोध घोषित
त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में कुल 26 पदों में एक बीडीसी और 16 सदस्य पदों पर नामांकन करने वाले एकमात्र प्रत्याशी होने से उन्हें निर्विरोध चुना जाना तय था। बुधवार को बड़रांव ब्लाक के हड़हुंवा क्षेत्र पंचायत में वीरेंद्र को निर्विरोध घोषित किया गया। इसके अलावा सदस्य पदों पर सेंचई, बेलभद्र, बरवां, बसारथपुर, जसड़ा वार्ड नंबर चार, पांच, छह और नौ, तिघरा, फतहपुर ताल नरजा, लैरोदोनवार, फैजुल्लाहपुर, जमिन माछिल, सोहिउद्दीनपुर, मकरी, तुलसीपुर कुढ़वा, सियाबस्ती, राजापुर, दरौरा, याकूबपुर, जमदरा में भी सदस्य पदों पर निर्विरोध चुने गए।
जीत का मनाया जश्न
त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव में मतगणना में जीत का परिणाम घोषित होते हुए निर्वाचित प्रत्याशियों के समर्थकों में भारी उत्साह दिखा। इस दौरान उन्होंने अपने जीतने वाले प्रत्याशी का माला पहना कर स्वागत किया। समर्थकों ने खूब रंग गुलाल भी उड़ाए।