घोसी। क्षेत्र के पिढ़वल मोड़ के पास बुधवार शाम परीक्षा देकर चचेरे भाई पवन के साथ बाइक से घर जा रही छात्रा रंजना सोनकर सड़क हादसे में जान गवां बैठी। घटना के बाद पुलिस के जल्द न पहुंचने पर छात्रा के परिजनों ने थोड़ी देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 29 पर यातायात अवरुद्ध किया। लेकिन सीओ घोसी और एसओ कोपागंज के मनाने पर सभी मान गए और शव पोस्टमार्टम को भेजा गया।
बताया जाता है कि पवन परीक्षा दिलाने के बाद बहन रंजना को कोपागंज से घोसी कस्बा स्थित घर की ओर ले जा रहा था। ओवरटेक करने के प्रयास में मऊ से घोसी की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पवन और रंजना को बगल से धक्का मारा। पवन बाइक से उछल कर सड़क के किनारे जा गिरा। जबकि रंजना सड़क पर जा गिरी और उसके सिर के ऊपर से होता हुआ ट्रक का पिछला पहिया गुजर गया। इससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ट्रक लेकर भाग रहे चालक को लोगों ने दौड़ा कर मझवारा मोड़ के पास पकड़ लिया। साथ ही उसकी जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। घटना के बाद रंजना के घर में कोहराम मच गया है। वह कोपागंज के ढेकवारा स्थित संस्कृत महाविद्यालय में शास्त्री द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। पिता रामविलास सोनकर और अन्य भाई-बहनों के साथ वह घोसी कस्बे के डाकबगला मोड़ पर ही रहती थी। परिजनों ने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व रंजना की मां की मौत भी घोसी में सड़क हादसे में हो गई थी।