मऊ। दीवानी कचहरी के पास अधिवक्ता अफजाल अली की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को शहर कोतवाली पुलिस ने बरामद कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने पिस्टल का न्यायालय में पेश किया। पिस्टल की बरामदगी शूटर धर्मेन्द्र की निशानदेही पर हुई।
बीते दिनों दीवानी कचहरी और सदर तहसील के समीप अधिवक्ता अफजाल अली की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इसमें सभी को पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया था। हत्या करने वाला मुख्य शूटर धर्मेन्द्र हरिजन ने भी आजमगढ़ न्यायालय पर समर्पण कर दिया था। इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त असलहे की बरामदगी के लिए धर्मेंद्र हरिजन पुत्र ललित राम निवासी नईबाजार थाना अजमतगढ़ जिला आजमगढ़ को रिमांड पर लिया। उससे हुई पूछताछ के बाद शहर कोतवाल बीएल सिंह ने रहजनियां के पास ईंट के ढेर से नाइन एमएम की पिस्टल बरामद किया। शनिवार को पुलिस ने बरामद पिस्टल को न्यायालय में पेश किया।