सरसेना। चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में रविवार की रात चोरों ने चार घरों से जेवरात सहित लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी सभी को सुबह हुई। पीडि़तों ने चोरी की तहरीर दी है। वहीं एक ही रात चार चोरियों से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लोगों का कहना है कि जब ठंड की शुरूआत में यह हाल है तो कोहरा पड़ने लगेगा तब भला पुलिस क्या करेगी।
थाना क्षेत्र के देवखरी गांव में गोविंद राम पुत्र श्यामुराम के घर में चोर मकान के पिछवाड़े से छत के रास्ते घुसे और दो बाक्स में रखे दस थान सोने और चार थान चांदी के जेवरात सहित कपड़ा आदि उठा ले गए। वहीं इसी गांव के रामरती के घर में भी चोर छत के रास्ते ही घर के पिछवाड़े से घुसे और मकान के अंदर के कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखे दो बाक्स उठा ले गए। पूरा परिवार बगल के कमरे में सोया हुआ था। बक्सा सुबह गांव से दूर एक गन्ने के खेत में फेंका हुआ मिला। इसमें रखे 12 थान सोने और चार थान चांदी का जेवरात और कपड़ा आदि गायब था। चोर पास के ही सिरसां गांव में भी रविवार रात ही धावा बोले। विनोद गुप्ता पुत्र मनई साहू की दीवार फांदकर चोर अंदर घुसे और सोने की अंगूठी सहित पायल आदि लगभग 32 हजार रुपये के सामान उठा ले गए। वहीं इसी गांव के राजेश सिंह पुत्र रामधीन सिंह के मकान का ताला तोड़कर चोर सोने की सिकड़ी, मंगलसूत्र, पायल आदि उठा ले गए। पीडि़तों ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है।