मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के गाजीपुर तिराहा स्थित एक निजी अस्पताल से रेफर झुनखुन प्रसाद (75) ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि झुनखुन प्रसाद की मौत चिकित्सकीय लापरवाही के चलते हुई है। विरोध करने पर डाक्टर, उनकी पत्नी और अन्य कर्मियों ने दरवाजा बंद कर मरीज के परिवार के ग्यारह लोगों को पीटकर कर रुपये और सेलफोन लूट लिए। विरोध में जिला अस्पताल में इकट्ठा हुए ग्रामीणों के तल्ख तेवर को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर डा. वशिष्ठ नारायण सिंह और उनकी पत्नी को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात पर गैर इरादतन हत्या, लूट और एससी-एसटी एक्ट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के परदहां निवासी रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी झुनखुन प्रसाद की तबियत कुछ दिनों से खराब थी और उन्हें घबराहट की शिकायत थी। शनिवार शाम को एक अन्य नर्सिंगहोम से रेफर होने के बाद परिजन उन्हें प्रतिमा अस्पताल पहुंचे। कुछ देर बाद ही झुनखुन की मूत्र नली से रक्त आने लगा। परिजनों ने डाक्टरों से कहा तो आश्वासन मिला कि ठीक हो जाएगा। इसके बाद भी कोई आराम नहीं मिला और न ही रात में कोई डाक्टर देखने आया। सुबह तक हालत और खराब हो गई। इस पर परिजन आक्रोशित हो उठे। तब डाक्टर वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि जहां ले जाना है ले जाओ।
इसी पर कुछ कहासुनी हुई और परिजनों ने एफआईआर कराने की बात कही। आरोप है कि तब तक डाक्टर और अन्य स्टाफ ने नर्सिंगहोम का दरवाजा बंद करा कर राड और लाठियों से मृतक के परिजनों पर हमला बोल दिया। इसमें महिलाओं और पुरुषों समेत ग्यारह लोगों को चोटें आई है। परिजन किसी तरह से जान बचाते हुए झुनखुन को लेकर जिला अस्पताल भागे लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। तब तक घटना की जानकारी गांव के अन्य लोगों को भी हो चुकी थी। धीरे-धीरे सैकड़ाें महिला और पुरुष जिला अस्पताल परिसर में इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस और सरायलखंसी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।