मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पलिगढ़ में शुक्रवार की रात द्वारपूजा के समय आर्मी जवान की फायरिंग से एक युवक को गोली लग गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। किसी तरह से शादी की रस्म पूरा हुई। आननफानन में घायल को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घायल युवक के पिता ने जवान के खिलाफ मुकदमा दर्र्ज कराया है।
पलिगढ़ निवासी चंद्रदेव की लड़की की शादी शुक्रवार को थी। रात को नौ बजे बारात द्वारपूजा के लिए आई। इसी दौरान बहन के यहां समारोह में सरायलखंसी थाना अतंर्गत रणबीरपुर निवासी और आर्मी का जवान मनोज पुत्र रामकिशुन राम भी आया था। वह अपने दो नाली बंदूक से फायर करने लगा। इसी दौरान गोली 21 वर्षीय ज्ञानेश्वर पुत्र रामनगीन को लगी। गोली लगते ही वह चिल्लाते हुए जमीन पर गिर कर तड़पने लगा। यह देखते हुए मौके पर अफरातफरी मच गई। किसी तरह से शादी की रस्म पूरी हुई। घायल युवक को आननफानन में जिला अस्पताल लाया गया। यहां पर उसकी हालत और गंभीर हो गई थी। चिकित्सकाें ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घायल युवक के पिता ने मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष डीके सिंह का कहना है कि अभी आरोपित फरार है। बंदूक उसकी लाइसेंसी थी या नहीं पता लगाया जा रहा है। शीघ्र ही आरोपित पुलिस के पकड़ में होगा।