बोझी बाजार। बड़रांव ब्लाक के मादी सिपाह बाजार में स्थित काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक में हुआ घोटाला 75 लाख से ऊपर पहुंच गया है। अब तक दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज न होने से खाताधारकों का धैर्य जवाब दे चुका है। उन्होंने बैंक की शाखा पर धरना प्रदर्शन करने के साथ ही आंदोलन की चेतावनी दी है। इसके लिए 17 नवंबर की तिथि भी तय कर दी है। खाताधारकों का कहना है कि इसके पहले मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया तो वह लामबंद होकर धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे।
खाताधारक दीपचंद, चंद्रकांत, गुलाब सिंह, गोपाल जायसवाल, झब्बूलाल आदि का कहना कि 11 नवंबर से ही घोटाले का मामला प्रकाश में आया है। बावजूद इसके अभी तक जांच पूरी नहीं हो पाई है। कहा कि शाखा पर इसके विरोध में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जिन खाताधारकों के रकम के घोटाले की पुष्टि हो चुकी है उनकी रकम भी लौटाने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई अब तक 258 खाता धारकों के गायब रकम में 75 लाख 25 हजार के घोटाले की पुष्टि हो चुकी है। इस संबंध में बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक चंद्रकाश ने बताया कि जांच में जो पुष्टि हुई है उसके भुगतान की कवायद चल रही है। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।