मऊ। नगर में बुधवार को भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के हमशक्ल अभिनन्दन पाठक ने रोड शो किया। इस दौरान उन्हें देखने के लिए उनके पीछे लोगों की भीड़ दौड़ पड़ी। हर कोई एक बारगी उन्हें देखकर नरेंन्द्र मोदी ही समझ रहा था। रोड शो के बाद अभिनन्दन पाठक ने कई दुकानों पर लोगों के साथ चाय पी और उनसे अपने अनुभव बांटे।
नरेंन्द्र मोदी के हमशक्ल अभिनन्दन पाठक मूल रुप से सहारनपुर जिले के कपिल विहार कालोनी के रहने वाले हैं। पेशे से वह एक प्राइवेट स्कूल में व्यायाम शिक्षक हैं। मोदी के प्रति उनकी दीवानगी इस कदर चढ़ी की वह स्कूल से तीन महीन की छुट्टी लेकर लोकसभा के चुनाव में मोदी के लिए प्रचार करने निकल पड़े। बुधवार को पहुंचे अभिनन्दन पाठक ने कहा कि वे राजनीति में काफी समय से हैं उन्होंने मानवता पार्टी भी बनाई थी। जिसपर वे 2012 के विधानसभा चुनाव में सहारनपुर से चुनाव भीड़ लड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनने के बाद उनके मन में इच्छा हुई कि वे अपने हमशक्ल नरेंन्द्र मोदी के लिए चुनाव प्रचार करें। जिसके लिए वे मंगलवार को वाराणसी पहुंचे थे। जहां सं बुधवार को मऊ और फिर वे आगे बिहार तक नरेंद्र मोदी का चुनाव प्रचार करने के लिए जाएंगे।