मऊ। राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस पर मंगलवार को नगर क्षेत्र के राजीव गांधी महिला महाविद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। कुल 80 पौधे लगाए। इसी तरह से नगर के डीसीएसके महाविद्यालय में भी राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्रबंधक राना खातून ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजन दिवस पर हमें पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। इसी को लेकर महाविद्यालय की छात्राओं ने पौधरोपण किया है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के रोकथाम के उपायों को जानने की जरूरत है। जिससे कि हम देश को प्रदूषित होने से बचा सके। कार्यक्रम में एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी डा.हुमा परवेज ने छात्राओं को एनएसएस की महत्ता के बारे में बताया। इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिसमें नाटक, भाषण, गीत आदि शामिल थे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से तरन्नुम परवीन, कल्पना मिश्रा, प्रगति सिंह आदि मौजूद रहीं। उधर, नगर क्षेत्र के डीसीएसके महाविद्यालय में भी राष्ट्रीय सेवा योजन दिवस पर छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एनएसए के कार्यक्रम अधिकारी सुरेश प्रताप ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजन का मूल्य उद्देश्य, राष्ट्र की सेवा करना है। शिविर के माध्यम से छात्र के व्यक्तित्व का विकास होता है। जिसके कारण वे आगे चलकर देश के विकास में अपना योगदान दे सकें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डा.संतोष सिंह ने भी बच्चों को राष्ट्रीय सेवा योजन के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डा.बाबूलाल, डा.हरिलाल, राजीव, विनीत आदि मौजूद थे।