रानीपुर (मऊ)। परदहां ब्लाक क्षेत्र के बख्तावरगंज विद्युत उपकेंद्र के तीन नंबर फीडर के मेन लाइन में आई तकनीकी खामी के चलते सोमवार की शाम से 20 गांवों में बत्ती गुल रही। जो कि अगले दिन मंगलवार की दोपहर एक बजे बहाल हो सकी। 19 घंटे से गुल बिजली से ग्रामीण गर्मी व उमस से बेहाल रहे। वहीं मंगलवार सुबह भी शुद्ध पानी के लिए मारामारी मची रही।
बख्तावरगंज विद्युत उपकेंद्र तीन से से अमारी, कसारी, अमरहत, खुरहट, बैजापुर, सनेगपुर, कासिमपुर, भूपतनगर, रैनी सहित 20 गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। सोमवार की शाम करीब पांच बजे विद्युत उपकेंद्र के मेन लाइन में मऊ रेलवे क्रासिंग के पास केबल का जंफर कट जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इससे ग्रामीण इलाकों में 19 घंटे तक बिजली गुल रही। विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से एक ओर जहां लोगों को गर्मी और उमस से परेशान रहे। वहीं रातभर लोग चैन से सो नहीं पाए।
रातभर विभागीय कर्मचारियों तथा अधिकारियों को कोसते रहे। मंगलवार की सुबह बिजली गुल रहने के कारण पानी के लिए मारामारी मची रही। इससे कृषि सहित कुटीर उद्योग पर विपरीत असर पड़ा। जहां बिजलीकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार की दोपहर एक बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। इस बाबत अवर अभियंता विवेक खरवार का कहना है कि मेन लाइन में फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हो गई थी। फाल्ट को ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।