दोहरीघाट-इंदारा के बीच चलने वाली बंद हो चुकी रेल बस को रेलवे ने बुधवार को आखिरकार इज्जतनगर रेल कारखाना के लिए रवाना कर दिया। इस दौरान रेल बस को देखने के लिए भीड़ रही। रेलवे के इस निर्णय के साथ रेलबस के पुन: संचालन करने की बात पर विराम लग गया। जबकि अधर में लटके आमान परिवर्तन का कार्य शुरू होने की उम्मीद भी तेज हो गई।
मालूम हो कि इंदारा जंक्शन से दोहरीघाट स्टेशन के बीच 35 किमी लंबे रेलमार्ग को छोटी लाइन से बदलकर बड़ी लाइन (आमान परिवर्तन) में किए जाने का कार्य किया जाना है। इसके लिए 20 अक्टूबर 2016 को रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने शिलान्यास करते हुए बड़ी लाइन के निर्माण में164 करोड़ राशि खर्च होने की बात कही थी। लेकिन दो साल बीतने के बाद अमान परिवर्तन का कार्य शुरू नहीं किया गया। उधर स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने 1 फरवरी 2018 से रेलबस का संचालन बंद कर दिया था।
बुधवार को आला अधिकारियों के दिशा निर्देश के बाद इंदारा स्टेशन अधीक्षक मुरली मनोहर सिंह की देखरेख में बंद रेलबस के कोच एक ट्रेलर में लोड कर इज्जतनगर रेलवे कारखाना को रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि रेलबस का संचालन करने का समय 31 जनवरी 2018 तक ही था। इसका समय खत्म हो जाने के कारण रेल बस सेवा अब संचालित नहीं की जा सकती थी। इसलिए इसके संचालन पर रोक लगाने के साथ इसे आज रेलवे कारखाना इज्जतनगर को भेज दिया गया।