मऊ। यूपी एजुकेशनल एसोसिएशन के तत्वावधान में शिक्षकों तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की तरफ से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक राजेश कन्नौजिया पर प्राण घातक हमला होने के विरोध में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन भी जारी रहा। डीआईओएस तथा बीएसए कार्यालय में तैनात कर्मचारियों तथा शिक्षकों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी किया। अंत में सरायलखंसी थाने की पुलिस के द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया।
प्रदर्शनकारी शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का कहना था कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तैनात लिपिक राजेश कन्नौजिया पर प्राणघातक हमला होने के छठवें दिन बाद भी हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं की सकी है। हमलावरों के बेखौफ घूमने से शिक्षक और कर्मचारी दहशतजदा हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन उदासीनता बरत रहा है। हमलावरों की अविलंब गिरफ्तारी नहीं की गई तो समस्त शिक्षक आंदोलन तेज करने को बाध्य हो जाएंगे। धरने को रमेश यादव, अकील अहमद, माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष शैलेश सिंह आदि शामिल रहे। इसी क्रम में उप्र वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक संघ की बैठक गुरुवार को महात्मा बुद्ध समाज कल्याण इंटर कालेज में हुई। इसमें जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तैनात लिपिक राजेश कन्नौजिया पर प्राणघातक हमला होने की निंदा की गई। हमलावरों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन करने का अल्टीमेटम दिया। इस दौरान रमेश श्रीवास्तव, नरेश सिंह, विजय प्रकाश तिवारी, भावनाथ राम, देवभूषण तिवारी आदि शामिल रहे।