कोपागंज। कोपागंज क्षेत्र के डांड़ी स्थित एसबीआई की शाखा पर भुगतान न मिलने एवं आए दिन सर्वर डाउन होने तथा मशीन में खराबी से आजिज उपभोक्ताओं ने बैंक के सामने विरोध प्रदर्शन किया। खाताधारकों का कहना था कि कर्मचारियों की बेरुखी से सभी उपभोक्ता परेशान रहते हैं अगर यही रवैया रहा तो हम सभी लोग यहां से अपना खाता बंद कर अन्यत्र किसी दूसरी शाखा में खाता खुलवाने को विवश हो जाएंगे।
सोमवार को खाता धारक जैसे ही डाड़ी स्थित एस बी आई की शाखा पर पहुँचे। बैंक के कर्मचारियों द्वारा यह कह कर रुपये देने से मना कर दिया कि मशीन खराब है ।उपभोक्ताओं को जैसे ही खबर मिली, वे आग बबूला हो गए और विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी करने लगे। उपभोक्ताओं का कहना था कि बैंक कर्मचारियों की बेरुखी से परेशानी और बढ़ जा रही है। उनकी शिकायत थी कि बैंक कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ आदर और सहानुभूति के साथ व्यवहार नहीं करते अपितु उपेक्षा बरतते हैं। लोगों का कहना था कि अगर बैंक कर्मचारियों का यही रवैया रहा तो हम उच्चाधिकारियों को इन समस्याओं से अवगत कराने के बाद अपने खाते यहां से किसी अन्य शाखा में स्थानांतरित करा लेंगे। प्रदर्शन करने वालों में पीयूष राय, प्रमोद यादव, आकाश, चंद्रदेव यादव, रामबृक्ष गोड़, संपत, परिहार, अर्जुन सहित अनेकों लोग मौजूद थे। शाखा के मैनेजर बीएस गणेश का कहना था कि थोड़ी बहुत समस्याएं तो आती ही रहती हैं।