मधुबन। स्थानीय थाना क्षेत्र के घाघरा नदी में आयी बाढ़ के पानी में सोमवार की सायं साढ़े तीन बजे डूब रहे मां-बेटे को बाढ़ प्रभावित गांव का लेखपाल के साथ नाव से जायजा ले रही ग्राम प्रधान दुबारी रंजना सिंह व पति अनिल सिंह की तत्परता से बचा लिया गया। मां-बेटे पशुओं के लिए चारा लेकर पानी के रास्ते आ रहे थे। गहरा पानी होने के चलते दोनों डूबने लगे।
थाना क्षेत्र के नईबस्ती (दुबारी) निवासी मोहन चौहान की पत्नी सुधा देवी (38) अपने पुत्र राकेश चौहान (11) के साथ सोमवार की सायं साढ़े तीन बजे भगत का पुरवा के सीवान में बाढ़ के पानी से होकर पशुओं के लिए घास सिर पर लेकर आ रहे थे। रास्ते में एक जगह गहरा पानी होने के चलते राकेश डूबने लगा। पुत्र को डूबते देख मां सुधा देवी बचाव में आगे बढ़ी कि वह भी डूबने लगे। बाढ़ प्रभावित गांव के लोगों की समस्या से रूबरू होकर लेखपाल जितेन्द्रधर द्विवेदी, अशोक सिंह के साथ ग्राम प्रधान दुबारी रंजना सिंह व उनके पति अनिल सिंह नाव से आ रहे थे। मां-बेटे को डूबते देख नाव तेजी से आगे बढ़ाकर डूबते मां-पुत्र को सुरक्षित बचा लिया। प्रधान की बहादुरी देख आस-पास के ग्रामीणों ने जमकर सराहना किया। वहीं ग्राम प्रधान ने बाढ़ प्रभावित गांव के लोगों को अपने बच्चों को पानी में न भेंजने की सलाह दी तथा नाव का सहारा लेने की बात कही। लेखपाल जितेन्द्र धर द्विवेदी ने लोगों के आने-जाने के लिए नाव की व्यवस्था की है।