मधुबन। थाना क्षेत्र के खड़ीच्चा गांव में शुक्रवार को हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने दो नामजद अभियुक्तों शारदा पत्नी धारा और सुमन पत्नी राज विशेन यादव को दरगाह के सिकरी कोल मोड़ से गिरफ्तार किया है। मुख्य अभियुक्त धारा यादव अभी भी फरार है। पुलिस मुख्य अभियुक्त की सरगर्मी से तलाश कर रही है। गिरफ्तार दोनों लोग सास-बहू हैं।
बता दें कि खड़ीच्चा गांव में गुरुवार की शाम जमीन को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के धर्मदेव शर्मा और झकड़ी चौहान को लाठी डंडे से पीटकर घायल कर दिया था। वहीं एक जेसीबी चालक को भी चोट आई। घायल धर्मदेव (68) पुत्र स्व मुन्नी लाल और झकड़ी (65) पुत्र स्व. पलटू को गंभीर अवस्था में गुरुवार की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। वाराणसी में इलाज के दौरान शुक्रवार की दोपहर में मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में मृतक धर्मदेव के भाई इंद्रदेव की तहरीर पर धारा यादव समेत छह लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर किया है। पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने मौके का स्थलीय निरीक्षण किया और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया था। पुलिस ने इसमें सास-बहू की गिरफ्तारी के बाद धारा यादव की सरगर्मी से तलाश कर रही है।