विधानसभा सूची में 82.48 फीसदी मतदाताओं का नाम दर्ज कर लिया गया है। 6 जनवरी से 6 फरवरी तक नाम जोड़वाने और कटवाने के लिए दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इसके बाद छह मार्च को विधानसभा निर्वाचन के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
ये सभी बातें जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम प्रवीण मिश्र ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में बताई। बताया कि बचे हुए मतदाताओं का निर्वाचक नामावली के लिए फार्म 6 का प्रयोग किया जाएगा।
घोषणापत्र भी अनिवार्य रूप से जमा किया जाएगा। नाम शामिल करने के लिए यदि किसी का नाम विशेष गहन पुनरीक्षण 2003 की निर्वाचक नामावली में स्वयं का नाम या उनके माता-पिता, दादा दादी आदि का नाम नहीं है तो आयोग द्वारा दिए गए 13 साक्ष्य अभिलेख में से कोई भी एक अभिलेख कराना होगा।
बताया कि नोटिस का फेज 6 जनवरी से 27 फरवरी तक है, जिसके तहत उन मतदाताओं को जिनकी मैपिंग नहीं हो पाई है, नोटिस जारी किए जाएंगे। प्रथम चरण से पहले 17,13,350 मतदाता थे, जिनमें से 82.48 प्रतिशत यानी 14,13,127 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन कार्य पूरा हो चुका है।
इनमें 44,116 मतदाता मृत, 91,349 मतदाता ऐसे हैं जिनकी जानकारी नहीं मिल पाई या अनुपस्थित पाए गए, 1,37,360 मतदाता दूसरी जगहों पर बस गए हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह, उप जिलाधिकारी सदर अवधेश चौहान और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विधान परिषद सदस्य निर्वाचन सूची में मिले 3925 मतदाता
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची का भी प्रकाशन किया गया। डीएम ने बताया कि सूची प्रकाशन से पहले निर्वाचक नामावली में 2384 मतदाता पाए गए थे। इसके लिए 1635 दावे प्राप्त हुए, जिनमें 1541 दवे स्वीकृत और 94 अस्वीकृत किए गए। अंतिम प्रकाशित सूची में 3925 मतदाता हो गए हैं।