त्रिदेव मंदिर से आजमगढ़ मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर तक भव्य निशान यात्रा निकाली गई। जुलूस के दौरान रास्ते में मंदिरों के पुजारियों ने आरती उतारी। सभी भक्त मस्ती मे नाचते गाते, बाबा से फूल और गुलाल से होली खेलते हुए चल रहे थे। कार्यक्रम से पूरा शहर श्याममय हो गया।
त्रिदेव मंदिर परिवार के तत्वावधान में शहर क्षेत्र के ढेकुलियाघाट स्थित निर्माणाधीन त्रिदेव मंदिर के प्रांगण में रविवार की शाम श्याम फाल्गुन उत्सव का आयोजन किया गया। श्री खाटू श्याम के दर्शन वंदन के लिए भक्तों का रेला लगा रहा। बाबा का अलौकिक शृंगार कोलकाता और वाराणसी से मंगाए गए फूलों से किया गया। भजन संध्या की शुरूआत शाम सात बजे से श्री श्याम प्रभु एवं समस्त देवी-देवताओं के पूजा, अर्चन, ज्योति से हुई। भजन संध्या की शुरूआत विजय तुलस्यान ने गणेश वंदन से की। ‘श्याम के रंग जाओ, आजा मेरे खांटूवाले बाबा’, ‘हीरे मोती से नजर उतारू’ से लोग भाव-विभोर हो गए।
बाबा श्याम में साथ सभी भक्तों से मिलकर फूलों और गुलाल से होली भी खेली। परिवार के लोगों ने बताया कि श्री श्याम बाबा का फाल्गुन मेला 18 मार्च तक खाटू धाम में बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाता है। महोत्सव के सफल आयोजन में विजय तुलस्यान, विजय केडिया, पवन बासोतिया, महेंद्र खंडेलवाल, नितीन खंडेलवाल, मनु बासोतिया, विकास, धनश्याम, पवन, संदीप अग्रवाल आदि शामिल रहे।