हलधरपुर। थाना क्षेत्र के भीमहर गांव में रविवार की रात संदिग्ध हाल में तीन पुत्रियों के संग झुलसी महिला की उपचार के दौरान सोमवार की शाम मौत होने से पूरा गांव अवाक है, क्योंकि महिला और उसकी पुत्रियों के आग की चपेट में आने के कारण की जानकारी बुधवार की शाम तक नहीं हो सकी। महिला की मौत होने पर लोगों को हादसे की जानकारी हुई। सूचना पाकर मृतका की ससुराल पहुंचे मायके वाले भी इस संबंध में कुछ बताने में असमर्थ रहें। दूसरी तरफ परिवार के भरण पोषण के लिए मुंबई रहने वाला पति हादसे की सूचना मिलने पर बुधवार की शाम घर पहुंचा। यहां से वह तुरंत पुत्रियों के पास आजमगढ़ के लिए रवाना हो गया।
बीते रविवार की रात भीमहर गांव निवासी गुलाब राजभर की पत्नी लक्ष्मीना उर्फ मुन्नी 34 अपनी तीन पुत्रियों रुबी 10, रानी 8 और राधिका पांच के साथ संदिग्ध हाल में आग की चपेट में आकर झुलस गई। परिजन सभी को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल आजमगढ़ लेकर चले गए। जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। जबकि उसकी तीनों पुत्रियों का वहां उपचार चल रहा। मुुंबई से आया गुलाब ने हादसे के बारे में कुछ बताने से इंकार किया। यही हाल मृतका के मायके वालों का था, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर कोई आरोप नहीं लगाया।