उप्र लोकतंत्र रक्षक सेनानी कल्याण समिति के तत्वावधान में लोकतंत्र सेनानियों की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हुई। इसमें लोकतंत्र सेनानियों की समस्या पर चर्चा की गई। साथ ही आपातकाल के काले कारनामे की निंदा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के वरिष्ठ नेता जगन्नाथ सिंह ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी सरकार द्वारा आपातकाल लगाए जाने की जितनी निंदा की जाए कम ही है। भविष्य में किसी भी सरकार द्वारा लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश की गई तो हम लोग लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ेंगे। कहा कि लोकतंत्र सेनानियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के समकक्ष सुविधा दी जाए। लोकतंत्र रक्षक सेनानियों की विधवाओं को अविलंब सुविधा दी जाए। मांगों पर विचार नहीं किया गया तो हम लोग चुप नहीं बैठेंगे। इस दौरान नरेंद्र सिंह, उमाशंकर तिवारी, हैदर भारती, रमाशंकर सिंह, अवधभूषण सिंह, विजयी सिंह आदि शामिल रहे। अध्यक्षता देवी सिंह ने किया।