रानीपुर थाना क्षेत्र के काझा-पिरुवा मार्ग पर रविवार की रात मऊ से रानीपुर की ओर जा रही एक क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सड़क के बगल ताल में पलट गई। इससे कार में सवार चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार को बाहर निकाला और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। चारों घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
रविवार की रात 9 बजे क्रेटा में सवार चार लोग मऊ से रानीपुर की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार के चलते मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक ताल में जाकर पलट गई। दुर्घटना के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे वाराणसी निवासी विवेक कुमार पुत्र अशोक सिंह , इटौरा निवासी संदीप पुत्र दीपक, गाजीपुर निवासी शिवम पुत्र गिरधर और घोसी के कल्याणपुर निवासी उदीत पुत्र बिहारी को बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार चल रहा है और वह खतरे से बाहर हैं।