मऊ। रेलवे मजदूर यूनियन ने जनवरी 2016 से मिलने वाले एरियर और भत्तों को जुलाई 2016 से दिए जाने के विरोध में शनिवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन के गेट पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
एन ई रेलवे मजदूर यूनियन शाखा मऊ महामंत्री केएल गुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों को मिलने वाले एरियर और भत्ते यथावत उनके निश्चित हक़ जनवरी माह से ही दिए जाये, नहीं तो मजदूर यूनियन बड़ा प्रदर्शन करने को बाध्य हो जायेंगे। कहा कि एरियर हमारा हक़ है कोई भीख नहीं है। इस प्रकार छ: माह का पैसा रोककर सरकार हमे आंदोलन को मजबूर कर रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। इसके साथ कर्मचारियों के साथ किसी तरह का अन्याय के खिलाफ संगठन किसी भी स्तर पर लड़ाई लड़ने को बाध्य होगा।
इस अवसर पर रेलवे मजदूर यूनियन के केंद्रीय पदाधिकारी एनबी सिंह की मौजूदगी में स्थानीय शाखा के रिक्त पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया। जिसमें राजेश कुमार सिंह शाखा अध्यक्ष व रामानन्द पाण्डेय को शाखा मंत्री पद पर मनोनीत किया गया। इस अवसर पर राजपति, ए के पाण्डेय, शरीफुद्दीन, अजीत प्रताप सिंह, राम नगीना, मनोज कुमार, वृजेश सिंह, सन्तोष कुमार, मनोज पाण्डेय, रामलगन राम सहित सभी सदस्य मौजूद रहे।