जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड घोसी के प्रबंध समिति की बैठक में उप
- फोटो : Archive
मऊ। जिले के गन्ना किसानों के लिए खुशखबरी है। घोसी चीनी मिल का पेराई सत्र इस बार समय पर शुरू होगा। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने साफ कह दिया है, दिसंबर के पहले सप्ताह में हर हाल में पेराई शुरू होनी चाहिए, इसमें कोई बहाना नहीं चलेगा। जिला गन्ना अधिकारी अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि मिल में मरम्मत का 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। मिल हाउस, बॉयलर हाउस, टरबाइन और पावर हाउस में काम तेजी से चल रहा है।
बृहस्पतिवार की देर शाम कैंप कार्यालय में किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड घोसी की प्रबंध समिति की बैठक में डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की। डीएम ने निर्देश दिया कि नवंबर के अंतिम सप्ताह तक बॉयलर पूजा और दिसंबर के पहले सप्ताह तक डोंगा पूजा कराकर पेराई शुरू कराई जाए। इस बार 15 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा गया है। डीएम ने मुख्य अभियंता बृजेंद्र सिंह और अवर अभियंता को काम में तेजी और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान की सुविधा सबसे ऊपर है, गन्ना आपूर्ति में कोई गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए।
किसानों को मिलेंगी ये सुविधाएं
बैठक में मिल की सड़क की मरम्मत, हाईमास्ट लाइट और किसानों के लिए पेयजल की व्यवस्था के प्रस्ताव को डीएम ने तुरंत मंजूरी दे दी। कम गन्ना आपूर्ति वाले क्रय केंद्रों को नजदीकी केंद्र या मिल गेट से जोड़ने का फैसला भी हुआ, ताकि किसानों को गन्ना पहुंचाने में दिक्कत न हो। उपसभापति रजनीश कुमार राय ने बताया कि पावर हाउस की छत का काम चल रहा है, बॉयलर हाउस की छत के लिए बजट स्वीकृत हो गया है और टेंडर भी आ गया है।