दोहरीघाट। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने दोहरीघाट में सरयू नदी के तट पर आयोजित समारोह में 36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
परियोजनाओं में वंदन योजना, दीनदयाल नगर विकास योजना तथा अन्य नगर विकास योजनाओं के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। पेयजल आपूर्ति नेटवर्क का विस्तार, जल निकासी एवं नाली निर्माण, सड़क सुदृढ़ीकरण, ओपन जिम, पार्क एवं हरित क्षेत्र विकास, सॉलिड वेस्ट प्रबंधन, स्ट्रीट लाइटिंग, सार्वजनिक शौचालय और नगर सुंदरीकरण का कार्य शामिल है।
इस दौरान एके शर्मा ने कहा कि विकास जनता की सेवा का माध्यम है, इसे रुकने नहीं देंगे। यह सरकार न तो कार्य से पीछे हटती है और न ही जिम्मेदारी से। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक नगर, प्रत्येक मोहल्ला और प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन-स्तर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
प्रदेश में नगर विकास विभाग ने ‘स्वच्छ नगर, स्वस्थ नागरिक, सशक्त प्रदेश’ के संकल्प को लेकर कार्य प्रारंभ किया है। हर नगर में पेयजल, जल निकासी, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएं तेजी से विकसित की जा रही हैं।
सरकार का उद्देश्य केवल ईंट और सीमेंट से निर्माण कराना नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक सुधार लाना है। कहा कि जनता की भागीदारी के बिना कोई भी योजना पूर्ण नहीं हो सकती। नगरों के विकास में नागरिकों की सक्रिय भूमिका बहुत आवश्यक है। सरकार योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें सफल तभी बनाया जा सकता है जब जनता उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझे।