नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद भी विद्युत आपूर्ति बरकरार रहेगी। यही नहीं अब शाम पांच से रात नौ बजे तक होने वाली रोस्टरिंग भी नहीं की जाएगी। अब यह सुबह पांच से पूर्वाह्न नौ बजे तक होगी। बिजली विभाग के पास आठ मोबाइल ट्रांसफार्मर रिजर्व रखे गए हैं। इन्हें फुंकने वाले ट्रांसफार्मर की जगह बदलकर आपूर्ति बहाल की जाएगी।
नवरात्र पर्व के मद्देनजर शासन की तरफ से नगर में 24 घंटे तथा ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति का फरमान जारी किया है। ट्रांसफार्मर फुंकने तथा अपराह्न पांच बजे से रात नौ बजे तक रोस्टरिंग के चलते श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही थी। समस्या से निजात दिलाने के लिए विभाग ने रोस्टरिंग के शेड्यूल में बदलाव किया है। अब शाम पांच से नौ बजे तक होने वाली रोस्टरिंग सुबह पांच बजे से पूर्वाह्न नौ बजे तक होगी। ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति करने की व्यवस्था की गई है। विभाग की तरफ से लोकल फाल्ट तथा तकनीकी गड़बड़ी को दुरुस्त करने के लिए विद्युत उपकेंद्रों पर कार्यरत तकनीशियनों तथा अधिकारियों को फरमान जारी किया है।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता सुबोध कुमार ने बताया कि 24 घंटे तथा ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आठ मोबाइल ट्रांसफार्मर रिजर्व रखे गए हैं।