वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना में अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की समस्या से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन तहसील प्रशासन अतिक्रमण हटाने को लेकर उदासीन है। क्षेत्र के लोगों ने बाजारों में सड़कों पर हुए अतिक्रमण को हटवाकर जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग पर शहीद चौक तक और रेलवे फाटक पार बस स्टैंड में इसका कोई असर नहीं देखने को मिल रहा है। इन क्षेत्रों में सड़कों की पटरियों पर अतिक्रमण के कारण आए दिन लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। यही हाल तहसील गेट के आस-पास की है। ठेले वाले, दुकानदार सहित प्राइवेट वाहनों के अतिक्रमण के कारण पैदल भी चलना दूभर हो गया है। इसी क्रम में करहा-जहानागंज, चिरैयाकोट आदि मार्गों पर अस्थाई अतिक्रमण होने के साथ वाहन चालकों द्वारा आड़े-तिरछे वाहनों के खड़े होने से जाम की समस्या बनती रहती है।
इस संबंध में व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष जगदीश गुप्ता, महामंत्री डॉ. धर्म सिंह सहित आदि लोगों ने कहा कि नगरवासियों ने कई बार नगर पंचायत और तहसील क्षेत्र में सड़कों के किनारे हुए अतिक्रमण को हटवाने के लिए नगर पंचायत और तहसील प्रशासन से गुहार लगाई। लेकिन अतिक्रमण हटवाने और जाम की समस्या को स्थाई हल तक नहीं निकाला जा सका। इस बाबत मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामसुखराम का कहना है की ऐसी शिकायत मुझे मिली है। जल्द ही अतिक्रमण अभियान चला कर इसको हटवाया जायेगा।