परदहां ब्लाक के जर्जर पिपरीडीह-काझा सड़क मार्ग पर शनिवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग द्वारा मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया। इस दौरान विभाग द्वारा सड़क पर बने गड्ढ़ों को भरने का कार्य किया गया। दरअसल जर्जर समस्या को लेकर अमर उजाला द्वारा समाचार प्रकाशित किया गया था। जिसके बाद चेते विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभाग द्वारा चार वर्ष पूर्व 8 करोड़ की लागत से 15 किमी लंबे बढुआगोदाम-पिपरीडीह काझा मार्ग का निर्माण कराया गया था। लेकिन घटिया निर्माण सामग्री और अमानक स्तर पर सड़क निर्माण के चलते सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे सड़क पर जगह जगह गड्ढे बन गए थे। इससे मार्ग से गुजरने वाले वाहन सवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में अमर उजाला द्वारा 28 अगस्त को ‘बढुआगोदाम-काझा मार्ग जर्जर, लोग परेशान’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद चेते विभाग ने शनिवार को सड़क पर मरम्मत कार्य चलाते हुए गड्ढों में मोरम व गिट्टियां डालकर भराव किया जा रहा है। इसके बाद डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। उधर विलंब से ही सही लेकिन विभाग द्वारा मरम्मत कार्य शुरू कराने से स्थानीय लोगों में हर्ष व्याप्त है।