घोसी (मऊ)। नगर में बिजली की अघोषित कटौती से परेशान होकर नगरवासियों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष अभय तिवारी के नेतृत्व में मधुबन मोड़ पर सोमवार की रात जाम करते हुए विभाग के खिलाफ नारेेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। जाम की सूचना मिलने पर पहुंचे एसडीएम के आश्वासन देने पर 45 मिनट के बाद जाम समाप्त हुआ। इस दौरान यातायात प्रभावित रहा।
घोसी में बिजली विभाग की ओर से रोस्टर के अनुसार, बिजली आपूर्ति न देने और विगत कई दिनों से जारी अघोषित कटौती को लेकर कई बार शिकायत दूर न होते देखकर सोमवार की रात 10 बजे व्यापार मंडल अध्यक्ष अभय तिवारी की नेतृत्व में आधा सैकड़ा लोगों ने मधुबन मोड़ पर पहुंचकर जाम लगा दिया। अभय तिवारी और आकिब सिद्दीकी ने विभाग द्वारा निर्धारित बिजली रोस्टर के अनुसार आपूर्ति नहीं की जा रही है। दिन हो या रात, हर समय बिजली कटौती हो रही है। इससे व्यापार के साथ पेयजल और भीषण गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ रहा हैं। उधर, मार्ग पर जाम की सूचना मिलने पर एसडीएम मधुबन और सीओ अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और समस्या सुनने के बाद इसका शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद, करीब 45 मिनट पर बाद जाम खुला। प्रदर्शन करने वालों में मोहम्मद आकिब सिद्दीक़ी, अनिल मिश्रा, गोपाल साहनी, दुरुल हसन, आलोक, रमेश सहित कई लोग मौजूद रहे।
रानीपुर मेें 20 घंटे से बिजली गुल
रानीपुर। बढुआगोदाम 132 सब केंद्र से जुड़े रानीपुर उपकेंद्र और हीरनपुर उपकेंद्र की मेन लाइन में फाल्ट होने से रानीपुर बाजार सहित 75 गांवों में 20 घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही। मेन फाल्ट के चलते सोमवार की शाम सात बजे से आपूर्ति ठप हो गई। जहां मंगलवार को फाल्ट सुधारने के बाद देर शाम सात बजे आपूर्ति शुरू हुई। इस बाबत अवर अभियंता प्रदीप कुशवाहा का कहना था कि मेन लाइन में फाल्ट आने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी।