नदवासराय। क्षेत्र के जोगरी स्थित शिव मंदिर परिसर के प्रांगण में आयोजित सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ के क्रम में श्रद्धालुओं ने रविवार को गाजे बाजे के साथ कलश यात्रा जुलूस निकाला। भक्तों के जयकारे से वातावरण गूंज उठा।
कलश यात्रा में 108 कुंआरी कन्याएं तथा महिलाएं सिर पर कलश धारण किए हुए चल रहे थे। यज्ञकर्ता श्रीश्री 1008 बाबा रामदास के नेतृत्व में श्रद्धालुओं का हुजूम यज्ञ मंडप से निकलकर अन्नूपार, मठिया,एकौना होते हुए टोंस नदी के एकौना घाट पहुंचा। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरा गया। जुलूस में शामिल श्रद्धालु बीच-बीच में देवी देवताओं के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। विधि विधान से कलश में जल भरने के बाद जुलूस विभिन्न क्षेत्रों से होता हुआ यज्ञ स्थल पहुंचा। जयकारे से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। साथ ही महिलाए सुमंगल गीत गाते हुए चल रही थीं। यज्ञकर्ता श्रीश्री 1008 बाबा रामदास ने बताया कि सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ के दौरान बिंद्रा वन मथुरा से आई टीम द्वारा रात व दिन में रासलीला का मंचन किया जाएगा। सुबह प्रवचन होगा।इस कलश यात्रा जुलूस को सफल बनाने में संजय दास,ब्रह्मा यादव, विजय बहादुर यादव, कैलाश यादव,हरेंद्र यादव ,डब्लू ,अजय,राहुल,आशुतोष,हंशा,मुन्ना,मनीष,काशी,ओमप्रकाश,रामा,कन्हैया,अखिलेश ब्रम्हचारी जी महाराज,अमरेश यादव आदि का योगदान रहा।