दुबारी(मऊ)। मधुबन थाना क्षेत्र के सुग्गीचौरी बरहजघाट मार्ग पर धर्मपुर छावनी के पास शनिवार की सुबह दस बजे के करीब ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रुप से घायल हुआ। युवक को जबतक उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था जाती, उसकी मौत हो गई।
मृत युवक की शिनाख्त कुंदन चौहान (27) पुत्र केशव चौहान मधुबन थाना क्षेत्र के दरियाबाद गांव निवासी के रुप में हुई। बताया जाता है युवक की रिश्तेदारी देवरिया जिले में थी। शुक्रवार को युवक रिश्तेदार के घर गया था। वहां से वह शनिवार की सुबह वापस घर लौट रहा था। इस दौरान मधुबन थाना क्षेत्र के सुग्गीचौरी गांव के पास उसकी बाइक सामने से आ रहें ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों द्वारा युवक को जब तक अस्पताल ले जाने की व्यवस्था जाती, उसकी मौत हो गई। गांव वालों की सूचना पर पहुंची मधुबन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया लेकिन पुलिस ने उसका पता लगाकर उसे भी अपने कब्जे में लिया है।