बदलते समय को देखते हए चुनाव आयोग ने इस बार आचार संहिता लागू करने के साथ मतदाताओं की सुविधा के लिए सी विजिल रुपी शिकायती प्रकोष्ठ की स्थापना किया है। शिकायत करने के लिए मतदाताओं को 1950 डायल करना है। इसके बाद उनकी शिकायत मय नाम पते के दर्ज कर उसका निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।
बीते रविवार को आयोग की तरफ से लोक सभा चुनाव के लिए आचार संहिता की घोषणा की गई। आचार संहिता के घोषणा हुए चार दिन बीते है, इसबीच जिले में शिकायतों के निस्तारण के लिए गठित सी विजिल पर 180 शिकायते दर्ज की गई। इसमें सबसे ज्यादा शिकायतें वोटर आईडी कार्ड का वितरण न होने को लेकर आम मतदाताओं ने किया है। इसके बाद मतदाताओं के नाम बढाने के लिए किए गए आवेदन के बाद भी जारी की गई सूची में नाम गायब होने की है।
गुरुवार को 25 शिकायते सी विजिल पर दर्ज हुई। इसमें मुहम्माबाद गोहना विधान सभा क्षेत्र के गोकुलपुरा गांव निवासी संदेश सिंह ने शिकायत किया कि उसने वोटर लिस्ट में नाम बढाने के लिए फार्म भरा था, लेकिन जारी सूची में उसका नाम शामिल नहीं किया गया है। इसीक्रम में सदर विधान सभा के इटैली गांव निवासी दिवाकर सिंह ने भी सूची में नाम बढाएं जाने के बारे में शिकायत किया। मधुबन विधान सभा के सुल्तानपुर बारह गांवा गांव निवासी अमन कुमार जायसवाल ने शिकायत किया कि काफी समय पहले उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल है, लेकिन उन्हें अभी तक निर्वाचन कार्ड नहीं दिया गया।
प्रभारी अधिकारी निर्वाचन रजनीश सिंह ने बताया कि सी विजिल पर दर्ज होने वाली शिकायतों को पूरा करने के लिए उन्हे संबंधित बीएलओ को सौंपा गया है। जल्द की रिपोर्ट आने पर शिकायतों के निस्तारण की सूचना आयोग को भेज दी जाएगी।