वलीदपुर। नगर पंचायत वलीदपुर के छोटी बाजार में शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदाता और पल्स पोलियो जागरूकता अभियान को लेकर बैठक की। इसमें अधिकारियों ने मतदान और पल्स पोलियो के बारे में नगर वासियों को जानकारी देते हुए जागरूक किया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे उपजिलाधिकारी अतुल वत्स ने उपस्थित नगरवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपका एक वोट बहुत ही कीमती है। इसे आगामी लोकसभा के चुनाव में हर हाल में प्रयोग करें । आपके द्वारा किया गया मतदान देश का भविष्य तय करेगा। इसमें किसी तरह की कोई लापरवाही न बरतें अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। साथ ही साथ पल्स पोलियो के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
एसडीएम ने अभिभावकों से अपील किया कि पांच वर्ष के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। वहीं तहसीलदार चंद्रभूषण प्रताप ने अपील किया कि नगर क्षेत्र के 18 वर्ष की उम्र वाले महिला और पुरुष मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। सीओ मुहम्मदाबाद गोहना राजकुमार ने कहा कि निर्भीक होकर मतदान करें। इस अवसर पर नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि मोहम्मद अली, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. एपी सिंह, डॉ. उमापति द्विवेदी, रंजीत विश्वकर्मा, लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, आरिफ, इम्तेयाज, हाफिज उस्मान गनी आदि मौजूद रहे।