मऊ। लोगों की सुविधा के लिए समस्याओं को निस्तारित करने के लिए प्रत्येक माह के प्रथम और चौथे शनिवार को थानों पर आयोजित होने वाले समाधान दिवस में भी फरियादियों को बहुत लाभ नहीं मिल पा रहा। समाधान दिवस में आने वाले पुलिस से संबंधित मामलों में विभाग निस्तारित कर दे रहें हैं, लेकिन राजस्व के मामले लंबित रह जा रहें है।
जनवरी से लेकर अब तक थानों पर समाधान दिवस के 23 मामले आयोजित किए गए। समाधान दिवस में कुल 208 मामले पेश हुए। लेकिन अभी भी 24 मामलों को निस्तारित करना शेष है। पेश हुए 208 में से 159 मामले राजस्व से संबंधित है। शेष 49 मामले पुलिस से संबंधित है। पुलिस विभाग ने इन मामलों को निस्तारित कर दिया। लेकिन राजस्व से संबंधित मामले लंबित है। वर्तमान में 24 मामलों का निस्तारित करना शेष है। हालांकि विभाग की मानें तो इन मामलों को निस्तारित करने की तय समय सीमा अभी समाप्त नहीं हुई है। जबकि फरियादियों से बात करने पर मामला इससे इतर मिला।
फरियादी सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पतिला गांव निवासी कैलाश राम ने बताया कि उनका पट्टीदार जीतन राम से जमीनी विवाद चलता है। एक वर्ष से चल रहें विवाद को निपटाने के लिए वो पंचायत आदि का सहारा ले चुकें है। लेकिन मामले का समाधान नहीं हुआ।
रस्तीपुर गांव निवासी रामजीत ने बताया कि उनका पट्टीदार से जमीनी विवाद है, एक दिसंबर को आयोजित होने वाले समाधान दिवस में उन्होंने मामले को पेश किया। लेकिन समाधान नहीं हुआ वह लगातार थाने का चक्कर लगा रहे। हरपुर निवासी विनय प्रताप सिंह का भी पट्टीदारों से जमीनी विवाद चलता है, मामले का समाधान करने के लिए विनय ने एक दिसंबर को समाधान दिवस में मामले को पेश किया। लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकाला जा सका है।
अभी जिले की कमान संभाला है। इस तरह की कोई शिकायत सामने नहीं आई है। अगर ऐसा है तो मामला संज्ञान में लेकर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। सुरेंद्र बहादुर सिंह, पुलिस अधीक्षक