मऊ। आयुक्त खाद्य एवं औषधि के दिशा निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मंगलवार की शाम को शहर के दशई पोखरा मुहल्ला स्थित एक केक बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को वहां केक और क्रीम में मिलावट का संदेह हुआ। अधिकारियों ने वहां से केक और क्रीम के नमूने लेकर जांच के लिए भेजा।
आगामी दीपावली पर्व पर मिलावट खोरी रोकने के उद्देश्य से मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके दीक्षित के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने दशई पोखरा स्थित बृजकिशोर गुप्ता की केक फैक्ट्री पर छापा मारा।अधिकारियों ने वहां पर प्रयुक्त हो रहे खाद्य पदार्थों की जांच किया। संदेह होने पर अधिकारियों ने यहां से जांच के लिए केक और क्रीम के नमूने लिए। मुख्य खाद्य सुरक्षा आयुक्त आरके दीक्षित का कहना है कि लिए गए नमूने जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे। छापा मारने वाली टीम में खाद्य निरीक्षक नसीम खान, जयहिंद राम और रामानंद थे।