मऊ। नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 के भदेसरा गांव में गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष तैयब पालकी की अध्यक्षता में चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में नपाध्यक्ष ने वार्डवासियों से शौचालय निर्माण दो अक्टूबर से पूर्व कराने की अपील की। साथ ही योजना के तहत राशि लेने के बाद भी शौचालय निर्माण न कराने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
गुरुवार की सुबह नगर पालिका अध्यक्ष तैयब पालकी, ईओ संजय कुमार मिश्रा, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री नरेश कुमार और वार्ड सभासद विपिन कुमार सिंह के साथ भदेसरा पहुंचे। जहां चौपाल लगाकर स्वच्छ भारत मिशन की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार नगर को शौच मुक्त बनाने के लिए उद्देश्य से पात्र लाभार्थियों को तीन किस्तों में 20 हजार रुपए राशि मुहैया कराई जा रही है। साथ नगर पालिका अध्यक्ष ने वार्डवासियों को गंदगी से पनपने वाली कई घातक बीमारियों की जानकारी देते हुए इससे बचाव के लिए शौचालय का प्रयोग करने की समझा दी। कहा कि कई लाभार्थी योजना के तहत राशि मिलने के बाद शौचालय निर्माण नहीं करा रहे है। ऐसे में उन्हें नोटिस जारी किया गया है, लेकिन समय सीमा में शौचालय न बनवाने पर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चौपाल में अबरार अहमद, मुनव्वर अब्दुल गफूर तथा सालिम अंसारी व अबू अंसारी, हबीब सेठ, अंसार अहमद, परवेज अहमद, अफजाल रंगी, रफी अहमद, अफजल अंसारी सहित वार्डवासी मौजूद रहे।