जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने अवैध खनन करने वालों पर सख्त रुख अख्तियार करते हुए बुधवार को जिले के सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, थानाध्यक्षों के साथ खनिज निरीक्षक को आदेश जारी किया। आदेश में उन्होंने जीरो टालरेंस की नीति पर अमल करने को कहा है।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के संग आयोजित बैठक में डीएम ने सभी को चेतावनी देेते हुए सख्त लहजे में कहा है कि खनन के मामले में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन में यदि कोई वाहन पकड़ा जाता है, तो उस पर सख्त कार्रवाही करें। जिलाधिकारी द्वारा एआरटीओ और क्षेत्राधिकारी की संयुक्त टीम बनाकर अवैध डग्गामार और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाही करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह ने सभी थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिया, कि अवैध खनन पर कठोर कार्रवाही की जाए। इस अवसर पर खनन निरीक्षक ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपने निजी कार्य के लिए कोई व्यक्ति पूरी सूचना संबंधित उप जिलाधिकारी को देकर 10 टाली तक मिट्टी निकाल सकता है। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट हंसराज , सभी क्षेत्राधिकारी, सभी उप जिलाधिकारी, बन अधिकारी, एआरटीओ सहित सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।