मऊ। यूपी हाईस्कूल, इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के क्रम में बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक ने समस्त परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक नगर के एएल नोमानी इंटर कालेज के सभागार में ली। इसमें बोर्ड परीक्षा के अतिरिक्त माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं पर भी चर्चा किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए डीआईओएस डॉ.वीपी सिंह ने कहा कि बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पूर्व सभी तैयारी अविलंब पूरी कर लिया जाए। निरीक्षण में गड़बड़ी मिलने पर परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा कक्ष के समस्त कमरों में सीसीटीवी कैमरा क्रियाशील अवस्था में रखे जाएं। कहा कि जहां सीसीटीवी कैमरा समस्त कक्षों में यदि क्रियाशील न हों तो उसे एक सप्ताह के अन्दर क्रियाशील कराते हुए प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जाए। बोर्ड के मानक के अनुरूप यदि परीक्षा केंद्र नहीं पाया गया परीक्षा केंद्र बदला भी जा सकता है। कार्यवाही भी की जाएगी। गेट और बाउंड्री जिन परीक्षा केंद्रों पर जीर्ण शीर्ण अवस्था में हो, उसे भी 15 दिन के अंदर पूर्ण करा लिया जाए। कंप्यूटर एवं सीसीटीवी कैमरा बंद न हो इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था जेनरेटर/ इंवर्टर की व्यवस्था 15 दिन के अन्दर पूर्ण कर लिया जाए।
कहा कि अपरिहार्य परिस्थितियों में यदि किन्हीं कारणों वश किसी दिन सीसीटीवी कैमरा न काम करें, उस दिन की रिकार्डिग मोबाइल से करके सुरक्षित रखा जाए। ताकि बोर्ड द्वारा रिकार्डिंग मांगे जाने पर उपलब्ध कराया जा सके। बोर्ड परीक्षा में यदि शिक्षक द्वारा ड्यूटी नहीं की जाती है तो उनके विरूद्ध बोर्ड परीक्षा अधिनियम में विहित व्यवस्था के अनुसार कार्यवाही कर दी जाएगी। यदि शिक्षक द्वारा मेडिकल अवकाश लिया जाता है तो संबंधित शिक्षक को मेडिकल बोर्ड के समक्ष उपस्थित होना होगा। बोर्ड परीक्षा के समय विद्यालय के प्रबंधक को भी 200 मीटर के दायरे के अंदर आने की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान जिला समन्वयक चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।