मऊ। विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के मद्देनजर मंगलवार को नगर के हिंदी भवन में संगोष्ठी का आयोजन सीएमओ डॉ. सतीश चन्द्र सिंह की अध्यक्षता में किया गया। सीएमओ ने कहा कि परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी विधियों को समुदाय में प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है। इससे जनसंख्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। कहा कि पखवाड़ा के अंतर्गत 11 से 24 जुलाई तक विभिन्न आयोजन करके जनसंख्या नियंत्रण के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके पूर्व सीएमओ कार्यालय से हिंदी भवन तक जागरूकता रैली निकाली गई। जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी हरिवंश यादव ने इस वर्ष की थीम नई लहर, नया विश्वास संपूर्ण जिम्मेदारी से परिवार विकास पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने परिवार नियोजन के स्थायी नियोजन की विधियों के बारें में बताया।
उन्होंने कहा कि माइक्रो प्लान की सफलता तभी संभव है जब सभी अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिला सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक संतोष सिंह ने आशाओं और एएनएम को कहा कि परिवार नियोजन के अस्थाई साधनों का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किया जाए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरसीएच डॉ. पीके राय ने बताया कि पुरुष नसबंदी पर बल देते हुए कहा कि यह महिला नसबंदी से काफी आसान है। कहा कि वर्तमान में जनपद में अभी सिर्फ तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर संचालित है। संगोष्ठी में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम लाल, डॉ. पीके राय, डॉ. एचएस राय, डॉ. एपी सिंह, डॉ. हंसनाथ सोनी डॉ. एचएन आर्य सभी स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जितेंद्र कुमार गुप्ता, रविंद्रनाथ, शैलजाकांत पांडेय आदि मौजूद रहे।